
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देश के प्रथम सैन्य अधिकारी और वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान के 21 फरवरी को प्रस्तावित आगमन को लेकर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ जुटा हुआ है। कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के निर्देशन में गठित विभिन्न समितियों की तैयारियों की समीक्षा हेतु एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक प्रो.एम.पी.एस.बिष्ट ने की। उन्होंने सभी समितियों के संयोजकों एवं सदस्यों से विस्तृत चर्चा करते हुए प्रत्येक व्यवस्था की सूक्ष्म समीक्षा की और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में स्वागत एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई। सीडीएस जैसे उच्च सैन्य पदाधिकारी के आगमन को देखते हुए अतिथि सत्कार,मंच सज्जा,ध्वनि प्रणाली,बैनर,बैठक व्यवस्था और परिसर की साज-सज्जा को गरिमामय एवं अनुशासित बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही स्मृति-चिह्न चयन,फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी,लाइव स्ट्रीमिंग की तकनीकी तैयारियों,परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधन पर भी विस्तार से मंथन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी,सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था को लेकर सेना एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश,वाहन पार्किंग,हेल्पडेस्क संचालन तथा पुस्तकालय प्रबंधन को भी सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। स्वागत गीत की प्रस्तुति को आकर्षक एवं प्रभावशाली बनाने हेतु सांस्कृतिक टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रो.एम.पी.एस.बिष्ट ने कहा कि यह विश्वविद्यालय और पूरे गढ़वाल क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने सभी समितियों से अपेक्षा की कि वे आपसी तालमेल और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं,ताकि विश्वविद्यालय की गरिमा और प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर और सुदृढ़ हो सके। बैठक में प्रो.मोहन पंवार,प्रो.एच.बी.एस.चौहान,प्रो.सीमा धवन,प्रो.ओ.पी.गुसाईं,प्रो.वाई.पी.रैवानी,प्रो.बी.पी.नैथानी,डॉ.सुरेन्द्र सिंह बिष्ट,डॉ.डी.के.राणा,डॉ.वी.के.पुरोहित,डॉ.कपिल पंवार सहित संबंधित समितियों के अधिकारी,सेना के अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सीडीएस जनरल अनिल चौहान का यह दौरा न केवल विश्वविद्यालय के लिए,बल्कि समूचे श्रीनगर गढ़वाल क्षेत्र के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर सजग और प्रतिबद्ध नजर आ रहा है।