
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत नगर निगम मुख्यालय श्रीनगर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल को स्वच्छता प्रहरी सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें जिलाधिकारी पौड़ी,उप जिलाधिकारी/नगर आयुक्त नूपुर वर्मा एवं महापौर आरती भण्डारी ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल वर्तमान में भागीरथी कला संगम के अध्यक्ष,गौ सेवा संवर्धन समिति के मीडिया प्रभारी,भारतीय गौ क्रांति के सचिव एवं श्रीनगर व्यापार सभा के उपाध्यक्ष के रूप में समाज के विभिन्न आयामों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। भागीरथी कला संगम के तत्वावधान में वे प्रत्येक सप्ताह मंदिरों,पार्कों,सार्वजनिक स्थानों और शहर के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसके अलावा वे गौ सेवा,सांस्कृतिक,आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। सम्मान मिलने के उपरांत भागीरथी कला संगम,गौ सेवा संवर्धन समिति और कई अन्य संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़थ्वाल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। स्थानीय जनों का कहना है कि उनका यह सम्मान पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छता का सशक्त संदेश देता है। इस अवसर पर समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल ने संदेश देते हुए कहा कि हमें पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह से बंद करना होगा। इसके प्रयोग से जहां पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है,वहीं शहर की गलियों और मोहल्लों में पड़ी पॉलिथीन खाने से गौमाता बीमार पड़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी संभव है जब हम प्लास्टिक और पॉलिथीन से मुक्त समाज का निर्माण करें। कार्यक्रम में नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं,बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन शैली का हिस्सा है। स्वच्छता का संकल्प ही सच्चे विकास की पहली सीढ़ी है। राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल का यह सम्मान केवल व्यक्ति का नहीं,बल्कि स्वच्छता और सेवा की उस भावना का सम्मान है, जो समाज को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाती है। जब व्यक्ति सेवा को साधना बना ले,तो समाज स्वच्छ और संस्कारित बन जाता है। स्वच्छ शहर,सुंदर जीवन जहां स्वच्छता है,वहीं समृद्धि है। आओ मिलकर संकल्प लें-स्वच्छ रहेगा अपना नगर। पॉलिथीन को ना कहें,स्वच्छ भारत का सपना गढ़ें। गाय बचाओ,पर्यावरण सजाओ पॉलिथीन का प्रयोग बंद करवाओ। प्लास्टिक छोड़ो,कपड़े का थैला जोड़ो।