
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं शहीद दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला मुख्यालय सहित समस्त तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को नमन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य,अहिंसा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों का स्मरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीद केवल स्वतंत्रता प्राप्ति के नायक ही नहीं थे,बल्कि वे मानवता,सत्य,अहिंसा और नैतिक मूल्यों के जीवंत प्रतीक थे। उनका बलिदान आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार और सिद्धांत वर्तमान समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज में शांति,सहिष्णुता,सद्भाव और नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारना अत्यंत आवश्यक है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। देश की एकता,अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शहीद दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त कार्यालयों,तहसीलों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम,राष्ट्र निर्माण एवं राष्ट्रीय एकता पर आधारित भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत किया गया।