
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
टिहरी/कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य को लेकर आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड कीर्तिनगर में स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने रंगोली के आकर्षक रंगों के माध्यम से मतदान का महत्व समझाते हुए आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। महिलाओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न आकर्षक रंगोलियां तैयार की। इन रंगोलियों के माध्यम से मताधिकार के महत्व,लोकतंत्र की मजबूती तथा प्रत्येक नागरिक की चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रंगोली निर्माण तक सीमित नहीं रहा,बल्कि इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं,बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। महिलाओं ने सामूहिक रूप से मतदान जागरूकता की शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने परिवार,आसपास के लोगों तथा समुदाय के अन्य मतदाताओं को भी निर्वाचन के दौरान अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी। इस अवसर पर प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खंडेवाल ने महिलाओं द्वारा प्रस्तुत रंगोलियों एवं उनके जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां आमजन तक मतदान का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायक होती हैं। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी सुमन लता,ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष कीर्तिनगर तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधक (बीएमएम) ने भी महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा की। रंगोली निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। स्वीप के माध्यम से आयोजित इस पहल ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की असली ताकत जागरूक मतदाता और उसकी सक्रिय भागीदारी में निहित है। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को देखते हुए जनपद में मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं,ताकि अधिकाधिक मतदाता चुनाव प्रक्रिया से जुड़ें और मतदान प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख,क्षेत्र पंचायत सदस्य,सहायक खंड विकास अधिकारी,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन प्रबंधक,क्लस्टर कोऑर्डिनेटर,समस्त आईपीआरपी तथा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।