
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा 26 नवम्बर को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम,नशा मुक्ति अभियान तथा लिंग परीक्षण निषेध (पीसीपीएनडीटी) कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण स्थित राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय त्रिपालीसैंण में संयुक्त संवेदीकरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को नशा मुक्ति,मादक पदार्थ निषेध कानून (एनडीपीएस अधिनियम),सिगरेट तथा अन्य तंबाकू उत्पाद निषेध कानून (कोटपा अधिनियम) तथा लिंग चयन प्रतिबंध अधिनियम (पीसीपीएनडीटी) के प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा नशा मुक्त समाज के संकल्प के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय त्रिपालीसैंण में छात्राओं के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 12 की अंकिता ने प्रथम स्थान,कक्षा 7 की पूजा ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा 8 की इशिता रौथाण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में जिला परामर्शदाता राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम स्वेता गुसाईं,जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी आशीष रावत,महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.संजीव कुमार,अभिभावक संघ के अध्यक्ष दीपक चंद्र त्रिपाठी,जनसंपर्क समन्वयक शकुंतला नेगी,मानसिक स्वास्थ्य समन्वयक मनमोहन देवली तथा प्रवीण रावत,रामेश्वरी देवी,मीणा राणा,रजनी,अमीषा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।