
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बीजीआर परिसर पौड़ी में 6 सितंबर 2025 को स्व.डॉ.आलम सिंह रावत मेमोरियल स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल योग्य और प्रतिभाशाली छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करना था,बल्कि उन्हें शिक्षा और सामाजिक योगदान की दिशा में प्रेरित करना भी रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो.एस.सी.गैरोला के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में स्वर्गीय डॉ.आलम सिंह रावत के शिक्षा जगत में किए गए अमूल्य योगदान और छात्रों की भलाई के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को याद किया। इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह रावत और प्रशांत सिंह नेगी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में विचार रखे। उन्होंने डॉ.रावत के सामाजिक दृष्टिकोण और समाज सुधार के लिए किए गए प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से उनकी सोच और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान परिसर निदेशक प्रो.यू.सी.गैरोला ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्व.डॉ.आलम सिंह रावत सदैव शिक्षा को समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव मानते थे। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले छात्रों को उत्कृष्टता की दिशा में सतत प्रयास करने और अपने ज्ञान से समाज की सेवा करने की प्रेरणा दी। इसके उपरांत छात्रों को उनके शैक्षिक,खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की गई। छात्रवृत्ति प्राप्त कर छात्रों के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास झलक रहा था। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ.पूनम बिष्ट और डॉ.गौतम कुमार ने आयोजन की जिम्मेदारी निभाई। साथ ही डॉ.सी.बी.कोटनाला,डॉ.सपना रावत,रविंद्र कुमार,अर्जुन सिंह सहित अनेक प्राध्यापक,कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल मेधावी छात्रों के लिए सम्मान और प्रोत्साहन का अवसर बना,बल्कि डॉ.आलम सिंह रावत की शिक्षा और समाज सेवा के प्रति दृष्टि को पुनः जीवंत करने वाला भी साबित हुआ।