
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य संरक्षण को समर्पित नौंवा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आगामी 28 सितंबर को राजकीय डिग्री कॉलेज उफरैखाल,ब्लॉक थलीसैंण में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न चिकित्सीय क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के लोगों को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग अक्सर महंगे इलाज और परीक्षण कराने से वंचित रह जाता है। इसीलिए यह शिविर ग्रामीण समाज के लिए संजीवनी साबित होगा। शिविर में ग्रामीणों के लिए कई तरह की जांच और सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें जनरल फिजिशियन परामर्श,स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा महिला स्वास्थ्य संबंधी जांच,नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा आंखों की जांच,फेफड़ों की जांच,शुगर और हड्डी रोग परीक्षण,बाल रोग विशेषज्ञ की सेवाएं,लिवर संबंधी जांच,आधुनिक मशीनों से विभिन्न टेस्ट,साथ ही निःशुल्क दवाइयों का वितरण,ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि शिविर में चिकित्सकों के साथ-साथ पैरामेडिकल स्टाफ की भी विशेष टीम मौजूद रहेगी,जो परीक्षण और दवा वितरण की व्यवस्था संभालेगी। विजय रावत ने स्थानीय नागरिकों,युवाओं,महिलाओं और वरिष्ठ जनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का लक्ष्य है कि कोई भी ग्रामीण आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है,समय पर जांच,जीवनभर सुरक्षा,स्वस्थ परिवार ही खुशहाल समाज की नींव है,आपका स्वास्थ्य-आपके परिवार की सबसे बड़ी पूंजी।