
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। एंजल्स हेवन स्कूल खंदूखाल में शनिवार को हिन्दी दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों की उमंग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने इस अवसर को विशेष बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हुई। वक्ताओं ने कहा कि हिन्दी केवल एक भाषा नहीं,बल्कि हमारी संस्कृति और सभ्यता की आत्मा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा पर गर्व करने और दैनिक जीवन में हिन्दी को अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में हिन्दी लेखन प्रतियोगिता और कविता पाठ का आयोजन किया गया,जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कविताओं के मधुर स्वर और लेखन की अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष आकर्षण यह रहा कि बच्चों ने अपनी-अपनी कक्षाओं को रंग-बिरंगे हिन्दी चार्ट्स और पोस्टरों से सजाया,जिससे पूरा विद्यालय हिन्दीमय वातावरण में डूब गया। चारों ओर नारे गूंजते रहे हिन्दी है हमारी पहचान,बढ़ाओ इसका मान,राष्ट्र की एकता की डोर,हिन्दी भाषा है सिरमौर,मातृभाषा का करो सम्मान,यही है सच्चा हिंदुस्तान,हिन्दी अपनाओ,संस्कार बचाओ,हिन्दी है देश की शान,इसका करना है उत्थान। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक आर.पी.भट्ट,हेडमिस्ट्रेस विभा भट्ट,शिक्षक विवेक,शशिकला,गीता,वंदना,सुभाष और कमला सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हिन्दी दिवस को सफल और यादगार बनाया। कार्यक्रम के अंत में हेडमिस्ट्रेस विभा भट्ट ने कहा कि हिन्दी हमारी आत्मा और अस्मिता से जुड़ी हुई भाषा है। हमें इसका गर्व के साथ संरक्षण और संवर्धन करना चाहिए। वहीं स्कूल प्रबंधक आर.पी.भट्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हम अपनी मातृभाषा को सम्मान देंगे तो हम सच्चे अर्थों में अपनी संस्कृति को जीवित रख पाएंगे।