
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि श्रीनगर में इस वर्ष भी हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर सनातन संस्कृति,धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्रीराम सेवादल द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के शुभ अवसर पर एक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह शोभायात्रा 19 मार्च गुरुवार को प्रात-11.30 बजे नागेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भव्य नगर भ्रमण करेगी। आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। श्रीराम सेवादल के संरक्षक संजय घिल्डियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा हिन्दू नववर्ष के शुभारंभ का प्रतीक दिवस है,जिसे सनातन परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। इसी दिन से नए संवत्सर की शुरुआत होती है,जो हमारे सांस्कृतिक जीवन में नव ऊर्जा,नव संकल्प और नव चेतना का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के माध्यम से नगरवासियों को हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं दी जाएंगी तथा सनातन धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक आशीष उनियाल ने बताया कि पिछले वर्ष प्रारंभ किए गए इस आयोजन को लेकर इस बार और अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु,युवा और महिलाएं इस आयोजन में सहभागिता करने जा रहे हैं। इस अवसर पर हरि सिंह बिष्ट,राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,रोमी थपलियाल,भगवती पुरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने इस आयोजन को सफल बनाने हेतु सामूहिक सहयोग का आह्वान किया। श्रीराम सेवादल ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें तथा सनातन धर्म के जागरण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। यह शोभायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी,बल्कि समाज में एकता,भाईचारा और सांस्कृतिक गौरव को भी सुदृढ़ करने का माध्यम बनेगी। आइए हम सभी मिलकर हिन्दू नववर्ष का स्वागत श्रद्धा,उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ करें।