
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में चल रहे हिंदी पखवाड़ा समारोह के अंतर्गत आज हिंदी हस्ताक्षर अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने किया। अभियान का शुभारंभ करते हुए कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने हिंदी भाषा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा हिंदी केवल एक भाषा नहीं,बल्कि हमारी संस्कृति,अस्मिता और पहचान का माध्यम है। हमें इसके प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। प्रशासनिक कार्यों सहित अपने दैनिक जीवन में भी हिंदी का प्रयोग हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे इस अभियान को केवल एक औपचारिकता न मानकर जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। हस्ताक्षर अभियान के शुभारंभ के साथ ही विश्वविद्यालय परिवार के सभी अंग प्राध्यापक,अधिकारी,कर्मचारी और विद्यार्थी बड़े उत्साह के साथ आगे आए और हिंदी में हस्ताक्षर कर अपनी भागीदारी दर्ज की। सैकड़ों सदस्यों द्वारा किए गए इन हस्ताक्षरों ने न केवल अभियान की सफलता को दर्शाया,बल्कि हिंदी भाषा के प्रति उनकी गहरी निष्ठा और प्रतिबद्धता को भी प्रकट किया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने यह संदेश दिया कि हिंदी के प्रयोग से न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर सुदृढ़ होती है,बल्कि प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों में सहजता और आत्मीयता भी बढ़ती है। इस पहल से हिंदी पखवाड़ा समारोह में नई ऊर्जा और गति का संचार हुआ। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का यह हिंदी हस्ताक्षर अभियान न केवल भाषा के प्रचार-प्रसार का प्रयास है,बल्कि यह सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक भी है। इस आयोजन से विश्वविद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि हिंदी हमारी आत्मा और अस्तित्व की भाषा है,जिसे हमें गर्व और आत्मीयता के साथ अपनाना चाहिए।