
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
गोपेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जीवन बीमा निगम की 36 वर्षों की सेवा को यादगार बनाने के लिए गोपेश्वर शाखा के वरिष्ठ अभिकर्ता मंगला कोठियाल ने पी जी कालेज गोपेश्वर परिसर में संतरे का समलौण पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया। कोठियाल ने बताया कि यह पौधा केवल एक पेड़ नहीं बल्कि उनकी 36 वर्षों की मेहनत सभी के विश्वास,सहयोग,समर्थन और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा मैं इस महाविद्यालय का छात्र भी रहा हूं। आज यह पौधा मेरे लिए खुशी की अनुभूति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। जैसे ही यह समय के साथ बढ़ेगा और खिलेगा,हमारी हरित यादों और पर्यावरण के प्रति संवेदना भी जागृत होगी। इस अवसर पर कोठियाल ने कहा कि यह पौधा आने वाले समय में हरियाली,जीवन और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रकृति की रक्षा और संवर्धन के साथ-साथ भारतीय जीवन बीमा की योजनाओं के बीज भी समाज में बोते रहें। कोठियाल ने स्वयं पौधे की संरक्षण जिम्मेदारी अपने हाथों में ली और कहा कि हर कदम पर प्रकृति की सकारात्मकता के लिए प्रयास करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति पौधा रोपण समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.मदन प्रसाद निवाला,पूर्व शाखा प्रबंधक के.एस.राणा,पत्रकार ओम प्रकाश भट्ट,डॉ.दर्शन सिंह नेगी,लेखक एवं सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी डॉ.जगमोहन सिंह,डॉ.सुधीर कोठियाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। मंगला कोठियाल का यह कदम केवल 36 वर्षों की सेवाओं का प्रतीक नहीं,बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश भी है। उनकी पहल से यह संदेश मिलता है कि जीवन की उपलब्धियों का वास्तविक मूल्य समानुभूति,सहयोग और प्रकृति के प्रति संवेदना में निहित होता है।