एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का स्वर-अभियान को लेकर भव्य तैयारियां

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से हेमवती

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान को इस वर्ष भी व्यापक,भव्य एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो.महावीर सिंह नेगी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई,जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा,जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों,एनएसएस,एनसीसी,खेल परिषद एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अभियान को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अभियान को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जागरूकता और राष्ट्रप्रेम का व्यापक अभियान बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत छात्र-छात्राओं,शिक्षकों,कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने तथा उसकी तस्वीर अधिकृत पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 13 अगस्त को बिड़ला परिसर से चौरास परिसर तक भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी,जिसमें एनसीसी कैडेट्स,एनएसएस स्वयंसेवक,विद्यार्थी एवं शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। वहीं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विशाल तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी,जो राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी। इसके अतिरिक्त पूरे अभियान के दौरान देशभक्ति गीत,सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता,क्विज प्रतियोगिता,वॉलीबॉल,रस्साकशी सहित विभिन्न खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर स्थित शहीद स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर देश के वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का वातावरण बनाने के लिए परिसर में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स भी स्थापित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय कुलसचिव कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स को 9 से 17 अगस्त तक अभियान के दौरान पूर्ण गणवेश में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि अभियान अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। बैठक में अभियान समिति के सदस्य डॉ.मोहित बिष्ट सहायक निदेशक खेल,डॉ.राकेश नेगी समन्वयक,एनएसएस,डॉ.कपिल पंवार,डॉ.सुरेंद्र कुंवर एनसीसी अधिकारी,डॉ.गांधी सिंह चौहान,डॉ.रजनी नौटियाल,डॉ.साकेत भारद्वाज,डॉ.गुरदीप सिंह,डॉ.नेहा मर्तोलिया,डॉ.नरेन्द्र कुमार,डॉ.राजेश जोशी,छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट तथा सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी सहित अनेक अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों,अधिकारियों,कर्मचारियों,शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा है कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं,बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान,कर्तव्यबोध और एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त करने का जनआंदोलन है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी में देशभक्ति,राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...