
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देशभक्ति के जज्बे,हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता के जयघोष से मंगलवार को श्रीनगर और श्रीकोट का वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं,युवाओं,महिलाओं, शिक्षकों और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सड़कों पर एक साथ लहराते सैकड़ों तिरंगे राष्ट्रीय एकता और अखंडता की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे श्रीकोट पंप से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पूरे उत्साह और उमंग के साथ मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की ओर रवाना हुई। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई,इसमें शामिल लोगों की संख्या भी बढ़ती गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़े। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। वातावरण में गूंजते देशभक्ति के नारों ने आजादी के अमर सेनानियों की यादों को भी ताजा कर दिया। मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में यात्रा के समापन अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं है,बल्कि यह देश की आन,बान और शान,राष्ट्रीय एकता,अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे में देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं और उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की कहानी समाहित है,जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि 15 अगस्त को प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराएं और आजादी के अमृत भाव को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। नई पीढ़ी को यह बताना जरूरी है कि आज जिस स्वतंत्र वातावरण में हम सांस ले रहे हैं,उसके पीछे हजारों वीरों का संघर्ष और बलिदान छिपा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास,वीर शहीदों के त्याग और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी अपने क्षेत्र और देश के वीरों की गाथा स्वयं पढ़ेंगे और लिखेंगे तो उनके भीतर राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होगी। तिरंगा यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों के हाथों में छोटे-बड़े तिरंगे और चेहरों पर देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर यात्रा में हिस्सा लिया। तिरंगों से सजी सड़कें मानो यह संदेश दे रही थीं कि देश की शक्ति उसकी एकता में है और तिरंगा हर भारतीय को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय प्रतीक है। यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। पूरे आयोजन में अनुशासन,उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शिक्षा विभाग द्वारा नशा उन्मूलन अभियान को भी व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश का भविष्य उसकी युवा शक्ति पर निर्भर करता है और यदि युवा नशे की गिरफ्त में आएंगे तो प्रदेश की प्रगति प्रभावित होगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने,स्वस्थ जीवन अपनाने तथा अपने साथियों को भी नशे से बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ,सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत,तहसीलदार दीपक भंडारी,खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत,मुकेश बहुगुणा,मुकेश काला,प्रो.विनिता रावत,प्रो.दीपा हटवाल,प्रो.अनिल द्विवेदी,डॉ.सुरेंद्र सिंह नेगी,डॉ.बी.पी.नैथानी,भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,यशीश रावत,अतुल उनियाल सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं,छात्र-छात्राएं,युवा,महिलाएं एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा ने श्रीनगर की धरती से एक बार फिर यह संदेश दिया कि तिरंगा केवल आसमान में लहराने वाला ध्वज नहीं,बल्कि हर भारतीय के दिल में बसने वाली राष्ट्रभावना का प्रतीक है।