
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर में निराश्रित,घायल एवं असहाय गौवंशों की सेवा के लिए संचालित गौसेवा संवर्धन समिति श्रीनगर गढ़वाल के सेवा कार्यों को उस समय महत्वपूर्ण संबल मिला,जब उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने गौशाला का निरीक्षण कर गौवंशों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला में रह रहे निराश्रित एवं जरूरतमंद गौवंशों की सेवा-सुश्रुषा के लिए समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली तथा गौसेवा के इस पुनीत कार्य की सराहना की। निरीक्षण के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत को गौशाला के संचालन,निराश्रित एवं घायल गौवंशों के उपचार,चारे-पानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। समिति की ओर से गौसेवा के दौरान सामने आने वाली विभिन्न आवश्यकताओं और चुनौतियों से भी उन्हें अवगत कराया गया। कैबिनेट मंत्री ने समिति के सेवा कार्यों को गंभीरता से समझते हुए गौसेवा संवर्धन समिति श्रीनगर गढ़वाल को आर्थिक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही गौवंशों के लिए गौग्रास के रूप में गुड़ की व्यवस्था भी की गई। मंत्री के इस सहयोग एवं सकारात्मक पहल को समिति ने गौसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण संबल बताया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि निराश्रित और घायल गौवंशों की सेवा करना केवल एक सामाजिक कार्य नहीं,बल्कि भारतीय संस्कृति,सनातन परंपरा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा हुआ पुनीत दायित्व है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों का सहयोग गौशालाओं के संचालन तथा असहाय गौवंशों की बेहतर देखभाल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। गौसेवा संवर्धन समिति श्रीनगर गढ़वाल एवं व्यापार सभा श्रीनगर गढ़वाल की ओर से कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि उनके द्वारा गौसेवा के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता,सहयोग,मार्गदर्शन एवं आर्थिक मदद के आश्वासन से समिति के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। समिति ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से गौसेवा के इस अभियान को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। समिति का कहना है कि गौशाला में ऐसे गौवंशों की सेवा की जा रही है,जिन्हें किसी कारणवश सहारा नहीं मिल पाता। घायल और असहाय गौवंशों की देखभाल,उनके लिए भोजन एवं उपचार की व्यवस्था तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है। सीमित संसाधनों के बावजूद समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सेवा भावना के साथ इस कार्य में जुटे हुए हैं। भारतीय सनातन परंपरा में गौ को श्रद्धा और आस्था का प्रतीक माना गया है। इसी भाव के साथ गौसेवा को समाज में संवेदना,करुणा और दायित्वबोध को मजबूत करने वाला माध्यम भी माना जाता है। ऐसे में श्रीनगर क्षेत्र में संचालित गौशाला में निराश्रित गौवंशों की सेवा के लिए समाज के लोगों का आगे आना एक सकारात्मक सामाजिक संदेश भी है। गौसेवा संवर्धन समिति एवं व्यापार सभा श्रीनगर के अध्यक्ष अनुज जोशी ने कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं आश्वासन से गौसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने समाज के सभी लोगों से भी अपील की कि निराश्रित एवं घायल गौवंशों की सेवा के इस अभियान में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें,ताकि गौशाला में रह रहे गौवंशों की सेवा और संरक्षण निरंतर बेहतर ढंग से किया जा सके। इस अवसर पर आनंद सिंह भण्डारी एवं मुकेश चमोली सहित समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने संकल्प व्यक्त किया कि गौसेवा,करुणा और संरक्षण के इस पुनीत अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा तथा श्रीनगर क्षेत्र में किसी भी निराश्रित एवं घायल गौवंश को यथासंभव सहारा और सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।