
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर द्वारा राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज खण्डाह में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों,ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में साइबर सेल श्रीनगर के प्रभारी इंस्पेक्टर विनय कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक ने हमारे जीवन को सुविधाजनक बनाया है,लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल,ओटीपी,संदिग्ध लिंक,फर्जी वेबसाइट,ऑनलाइन गेमिंग,लॉटरी और आकर्षक उपहारों का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आगाह किया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी,पासवर्ड अथवा ओटीपी साझा न करें। इंस्पेक्टर विनय कुमार ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से मित्रता करने,अपनी निजी तस्वीरें एवं जानकारी साझा करने तथा बिना सत्यापन के किसी लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने साइबर बुलिंग,फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी के प्रति भी विद्यार्थियों को सचेत किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट ने मुख्य वक्ता एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब शिक्षा,स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निरंतर निर्वहन कर रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक रोटेरियन डॉ.प्रदीप अणथ्वाल,रोटेरियन के.बी.थपलियाल,रोटेरियन सीताराम बहुगुणा,साइबर सेल के हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार,विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य गोविन्द नथवान,कुंजबिहारी सकलानी,भास्करानंद गौड़,जसपाल सिंह बिष्ट,महेश गिरि,राजवीर सिंह बिष्ट,दुर्गेश मोहन बर्तवाल तथा हेमचन्द्र ममगाईं सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे