विश्व पोलियो दिवस पर स्कूली बच्चों ने लगाए एंड पोलियो नाउ के नारे-मेयर आरती भण्डारी ने किया रैली का शुभारंभ

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब श्रीनगर द्वारा शनिवार को पोलियो जागरूकता एवं फिटनेस रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को पोलियो

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब श्रीनगर द्वारा शनिवार को पोलियो जागरूकता एवं फिटनेस रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था। रैली में रोटरी क्लब के सदस्यों के साथ शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल के इंटरेक्ट क्लब एवं जयदयाल संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। श्रीनगर के ऐतिहासिक गोला पार्क से रैली का शुभारंभ नगर निगम की मेयर आरती भण्डारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पोलियो उन्मूलन के लिए रोटरी इंटरनेशनल द्वारा विश्व स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए जनजागरूकता और नियमित टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ नई पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। गोला पार्क से प्रारंभ हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एंड पोलियों नाउ,पोलियो मुक्त विश्व हमारा संकल्प तथा स्वस्थ शरीर,स्वस्थ समाज जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों के उत्साह और रैली में उनकी सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.रचित गर्ग एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.गोविन्द पुजारी की उपस्थिति में बच्चों के स्वास्थ्य,नियमित टीकाकरण तथा पोलियो से बचाव के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि पोलियो से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय है और प्रत्येक बच्चे को निर्धारित समय पर आवश्यक टीके लगवाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंडियाल ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा करना ही नहीं,बल्कि समाज में स्वास्थ्य,शिक्षा और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त विश्व का सपना तभी साकार होगा,जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान के प्रति जागरूक और प्रतिबद्ध रहेगा। क्लब सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों,शिक्षण संस्थानों,छात्र-छात्राओं एवं रोटरी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रोटरी मंडल 3100 के डिस्ट्रिक्ट पल्स पोलियो डायरेक्टर रोटेरियन दिनेश प्रसाद जोशी ने किया। उन्होंने पोलियो उन्मूलन अभियान में रोटरी की वैश्विक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी का संकल्प दुनिया के अंतिम बच्चे को भी पोलियो से सुरक्षित करने तक जारी रहेगा। इस अवसर पर नगर निगम की मेयर आरती भण्डारी,उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ.रचित गर्ग,वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.गोविन्द पुजारी,राजनेता लखपत भण्डारी,नगर निगम पार्षद उज्ज्वल अग्रवाल,रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंडियाल,सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट,रोटेरियन बृजेश भट्ट,रोटेरियन एस.पी.घिल्डियाल,रोटेरियन राकेश आहूजा,रोटेरियन अनिल कुमार गुप्ता,रोटेरियन ओ.पी.गोदियाल,रोटेरियन के.बी.थपलियाल,रोटेरियन के.के.गुप्ता,रोटेरियन छवि अग्रवाल सहित इंटरेक्ट क्लब के सदस्य,जयदयाल संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...