
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति,सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोष्ठी ली गई।गोष्ठी के दौरान सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजारों,भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पिकेट ड्यूटी,नियमित पैदल गश्त एवं प्रभावी चेकिंग करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा अराजक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त त्यौहारों के दौरान दिन और रात्रि में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने,आमजन एवं व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्यौहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण सतर्कता,मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें,ताकि जनपद में सभी त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सकें इसके अतिरिक्त सभी राजपत्रित अधिकारियों को भी स्वयं फील्ड में लगातार भ्रमणशील रहकर ड्यूटी चेक करने के साथ-साथ उनका सुपरविजन करने हेतु निर्देशित किया गया। सभी थाना प्रभारी आतिशबाजी दुकानों के लगने वाले स्थलों का फायर टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर तय मानकों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था भी करवाना सुनिश्चित करें।