
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ.भास्करन का प्रतिष्ठित भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (इंसा) के विजिटिंग साइंटिस्ट कार्यक्रम वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल डॉ.भास्करन की अकादमिक एवं शोधपरक प्रतिबद्धता का प्रमाण है,बल्कि विश्वविद्यालय की शोध एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करती है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ.भास्करन नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में एक माह तक विजिटिंग साइंटिस्ट के रूप में शोध एवं अकादमिक गतिविधियों में सहभागिता करेंगे। उनका यह शैक्षणिक प्रवास 16 नवंबर से प्रारंभ होगा। इस दौरान उन्हें देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान में विशेषज्ञों के साथ कार्य करने,शोध संबंधी अनुभव साझा करने तथा नए अकादमिक आयामों को समझने का अवसर मिलेगा। भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की ओर से 29 सितंबर 2026 को जारी चयन पत्र में डॉ.भास्करन के चयन की पुष्टि की गई है। कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों के अनुसार उन्हें 15 फरवरी 2027 तक अपना एक माह का भ्रमण एवं शोध कार्य पूर्ण करना होगा। भ्रमण समाप्त होने के उपरांत उन्हें अपने शोध एवं अकादमिक कार्यों की संक्षिप्त रिपोर्ट अकादमी को प्रस्तुत करनी होगी। गौरतलब है कि भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी देश में विज्ञान एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करने वाली प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाओं में शामिल है। इसके विजिटिंग साइंटिस्ट कार्यक्रम के माध्यम से चयनित वैज्ञानिकों एवं शिक्षाविदों को देश के अग्रणी शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों में कार्य करने तथा ज्ञान-विज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान किया जाता है। डॉ.भास्करन का चयन गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। जेएनयू जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में एक माह तक शोध एवं अकादमिक गतिविधियों से जुड़ने से उन्हें नए शोध दृष्टिकोण,वैज्ञानिक विमर्श और शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं को विस्तार देने का अवसर मिलेगा। साथ ही इस अनुभव से विश्वविद्यालय में संचालित शोध गतिविधियों को भी नई दिशा और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। अपनी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ.भास्करन ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह,रसायन विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डी.एस.नेगी तथा विभाग के समस्त प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुलपति एवं विभागीय शिक्षकों का मार्गदर्शन,सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन उन्हें अकादमिक एवं शोध कार्यों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि में विश्वविद्यालय और विभाग के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। डॉ.भास्करन के इस चयन से विश्वविद्यालय के शिक्षकों,शोधार्थियों और शैक्षणिक जगत में उत्साह का वातावरण है। यह उपलब्धि इस बात को भी रेखांकित करती है कि पर्वतीय क्षेत्र में स्थित गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षक राष्ट्रीय स्तर पर शोध एवं अकादमिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं।