
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। धार्मिक,सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी देवप्रयाग में आज विकास का एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। नगर के बाह बाजार क्षेत्र में अलकनंदा नदी पर 84 मीटर लंबे स्टील ट्रस पैदल पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक विनोद कंडारी ने विधिवत् रूप से किया। करीब रुपए 583.58 लाख की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक पुल न केवल बाह बाजार के नागरिकों को नदी पार करने में सुविधा प्रदान करेगा,बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और धार्मिक आवागमन को भी नई गति देगा। विधायक विनोद कंडारी ने शिलान्यास अवसर पर कहा कि देवप्रयाग आध्यात्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ विकास की दिशा में भी निरंतर अग्रसर है। यह पुल स्थानीय नागरिकों,विद्यार्थियों,व्यापारियों और श्रद्धालुओं के लिए जीवनदायिनी सुविधा सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य दूरस्थ पर्वतीय नगरों में भी सुदृढ़ आधारभूत संरचना तैयार करना है,ताकि विकास की धारा हर घर तक पहुंचे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ममता देवी,मंडल अध्यक्ष शशि ध्यानी,भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने विधायक कंडारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल देवप्रयाग क्षेत्र के लिए विकास का प्रतीक बनेगा। स्थानीय निवासियों ने इसे सुविधा,सुरक्षा और समृद्धि का सेतु बताते हुए खुशी जताई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से प्रतीक्षित यह पुल अब उनके दैनिक जीवन को और सुगम बनाएगा तथा नगर के दोनों तटों को मजबूत सामाजिक और आर्थिक जुड़ाव से जोड़ेगा। देवप्रयाग आज सचमुच आस्था और विकास का संगम बनता जा रहा है-जहां परंपरा और प्रगति साथ-साथ चल रही हैं।