राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती 25 वीं वर्षगांठ पर अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25 वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद पौड़ी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अफसर बिटिया

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25 वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद पौड़ी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। यह कार्यक्रम बालिकाओं को शिक्षा,आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की दिशा में प्रेरित करने हेतु समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.योगेन्द्र चन्द्र सिंह एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी थलीसैंण पूजा रावत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं ने राष्ट्रगान और सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की मंगल शुरुआत की। अपने प्रेरणादायक संबोधन में परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बेटियों का शिक्षित और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक बालिका में एक अधिकारी,एक नेता,एक सशक्त व्यक्तित्व बनने की क्षमता निहित होती है। उन्होंने बालिकाओं से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से आई महिला अधिकारियों ने छात्राओं के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। वन विभाग की मधु ढौंडियाल,खेल विभाग की प्रशिक्षक रोशनी रावत,स्वास्थ्य विभाग की ममता जोशी,गृह विभाग से उपनिरीक्षक अमित नेगी व धनपाल तथा विकासखंड समन्वयक ज्योति ठाकुर ने प्रेरक व्याख्यानों के माध्यम से बालिकाओं को आत्मविश्वास,अनुशासन और कर्मनिष्ठा का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि आज की बेटियां समाज के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और अफसर बिटिया जैसी पहल उन्हें अपने सपनों को साकार करने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करती है। कार्यक्रम के अंतर्गत बेटी बचाओ,बेटी बढ़ाओ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 15 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में नीलम ने प्रथम,सुनैना ने द्वितीय, तथा अंजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.योगेन्द्र चन्द्र सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं,बल्कि बेटियों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का माध्यम है। उन्होंने बालिकाओं से आग्रह किया कि वे अपने लक्ष्य को ऊंचा रखें और कठिन परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करें। इस अवसर पर बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सांभरी भट्ट,बीना जोशी,बबीता चौहान,महाविद्यालय के प्राध्यापकगण,स्वास्थ्य विभाग की एएनएम तथा क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियाँ उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर बालिकाओं की उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें समाज परिवर्तन की अग्रदूत बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ.ममता बहुगुणा द्वारा किया गया तथा अंत में आभार प्रदर्शन डॉ.अर्चना नेगी ने किया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...