राजकीय इंटर कॉलेज खंडाह में कुचिपुड़ी की मोहक छटा-सुपणिका नंबियार की अद्भुत प्रस्तुति ने छात्रों को बांधा मंत्रमुग्ध

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल शहीद कुलदीप सिंह राजकीय इंटर कॉलेज खंडाह के प्रांगण में मंगलवार को भारतीय शास्त्रीय कला की ऐसी मनोहारी छटा बिखरी कि छात्र-छात्राएं देर तक मंत्रमुग्ध रहे।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल शहीद कुलदीप सिंह राजकीय इंटर कॉलेज खंडाह के प्रांगण में मंगलवार को भारतीय शास्त्रीय कला की ऐसी मनोहारी छटा बिखरी कि छात्र-छात्राएं देर तक मंत्रमुग्ध रहे। केरल की युवा और प्रतिभाशाली कुचिपुड़ी नृत्यांगना सुपर्णिका नंबियार ने SPIC MACAY के अंतर्गत आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी ऊर्जा,लय और भावाभिनय से उपस्थित सभी को रोमांचित कर दिया। सुपर्णिका नंबियार इन दिनों स्पिक मैके की श्रृंखला के तहत उत्तराखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कुचिपुड़ी पर वर्कशॉप-कम्प डेमोंस्ट्रेशन कर रही हैं। इस क्रम में खंडाह कॉलेज के मंच पर उनका आगमन छात्रों के लिए कला-यात्रा जैसा अनुभव लेकर आया। कार्यक्रम में सुपर्णिका ने नृत्य की शुरुआत एक पारंपरिक मंगलाचरण से की,जहां उनके पद-संचालन,मुखाभिनय,हस्त-मुद्राएं और ताल की सामंजस्यपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को प्रफुल्लित कर दिया। उन्होंने छात्रों को कुचिपुड़ी की उत्पत्ति,विशिष्ट शैली,अंग-संचालन,ताल संरचना और अभिनय-अभिव्यक्ति की गहराइयों से परिचित कराया। सुपर्णिका ने कहा कुचिपुड़ी केवल नृत्य नहीं,बल्कि संगीत,नाट्य,भाषा और भावनाओं के संगम से निर्मित एक जीवंत कला है। इसे सीखकर हम भारतीय संस्कृति की जड़ों से गहरे जुड़ते हैं। उनकी हर प्रस्तुति के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने उनके भाव-नृत्य की सूक्ष्म बारीकियों को देखकर आश्चर्य व्यक्त किया और लगातार उत्साहवर्धन करते रहे। सुपर्णिका ने बच्चों को नृत्य और कला के प्रति जिज्ञासु होने का संदेश देते हुए कहा कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी प्रतिभा पहचानने और कला-साहित्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के आयोजक और कॉलेज के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि इस आयोजन से बच्चों में भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति नई चेतना जागृत हुई है। उन्होंने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम छात्रों के लिए प्रेरणा के दुर्लभ अवसर होते हैं। सुपर्णिका जैसी युवा कलाकारों की नृत्य-शैली बच्चों में नई उम्मीद और उत्साह भरती है। विद्यालय के शिक्षक महेश गिरि तथा स्टाफ ने SPIC MACAY के गढ़वाल प्रभारी परवेज अहमद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन छात्रों को कला की नई दिशा दिखाता है। कार्यक्रम में संवाद-सत्र भी आयोजित हुआ,जिसमें छात्रों ने कुचिपुड़ी नृत्य की तकनीक,हस्त-मुद्राओं और इतिहास से संबंधित कई रोचक प्रश्न पूछे। सुपर्णिका ने सभी प्रश्नों का सरल और प्रेरक उत्तर देकर छात्रों का मन जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन पूनम नेगी ने किया। इस अवसर पर कुंजबिहारी सकलानी,भाष्करानंद गौड़,मंजू असवाल,संतोषी रौथाण,राकेश रूडोला,दलवीर शाह,भगवती प्रसाद गौड़,जसपाल सिंह बिष्ट सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने सुपर्णिका से आशीर्वाद और प्रेरणा लेते हुए भविष्य में कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प भी लिया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...