
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के 15 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की टीम ने एक बार फिर संस्थान का मान बढ़ाया है। विश्वविद्यालय के 11 छात्रों और 4 छात्राओं की यह नवाचार से भरपूर टीम प्रतिष्ठित आईआईटी बॉम्बे द्वारा आयोजित ई-समिट में शामिल होकर राष्ट्रीय उद्यमिता प्रतियोगिता (नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज) के फाइनल राउंड में भाग लेगी। यह अवसर किसी भी विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है,क्योंकि इस मंच को देश के सर्वोच्च उद्यमिता कार्यक्रमों में गिना जाता है। उच्च स्तर की मेंटरशिप से पाई सफलता छात्रों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं इनक्यूबेशन प्रकोष्ठ से सुदृढ़ मार्गदर्शन मिला। पूरी टीम ने अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ (RDC) के निदेशक प्रो.हेमवती नंदन के नेतृत्व में अपनी योजनाओं को विकसित किया। टेक्नोलॉजी प्री-इनक्यूबेशन सेल के संयोजकों डॉ.दिगार सिंह,डॉ.रोहित महर,डॉ.भास्करन और डॉ.वरुण बर्थवाल ने छात्रों को तकनीकी परामर्श,रणनीतिक दिशा और नवाचार के विविध आयामों पर महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया। उनकी इस मेंटरशिप ने टीम को राष्ट्रीय स्तर के कठिन प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए तैयार किया। कुलपति और प्रशासन ने दी उत्साहपूर्ण विदाई टीम के प्रस्थान से पूर्व विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोहपूर्वक छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान शिक्षा जगत में नवाचार ही सफलता की कुंजी है। ऐसे अवसर छात्रों को नए आयाम प्रदान करते हैं। रजिस्ट्रार प्रो.राकेश कुमार धोडी,वित्त अधिकारी डॉ.संजय ध्यानी और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं ने भी छात्रों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि टीम देश के इस प्रतिष्ठित मंच पर विश्वविद्यालय का परचम लहराएगी। एशिया का सबसे बड़ा छात्र संचालित बिजनेस सम्मेलन आईआईटी बॉम्बे का ई-समिट एशिया के सबसे बड़े छात्र संचालित व्यावसायिक सम्मेलन के रूप में जाना जाता है। यह युवा उद्यमियों,निवेशकों, व्यापार विशेषज्ञों और नवाचारकर्ताओं के लिए एक साझा मंच का कार्य करता है। इस समिट में आयोजित राष्ट्रीय उद्यमिता प्रतियोगिता (एनईसी),विभिन्न कार्यशालाएं,प्रेरक व्याख्यान और उद्योग जगत से जुड़े सत्र विद्यार्थियों की सोच और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में मदद करते हैं। छात्रों को मिलेगा सुनहरा अवसर इस समिट में सहभागिता से विश्वविद्यालय के छात्रों को-उद्योग जगत के शीर्ष विशेषज्ञों से मिलने,नवाचार और उद्यमिता की नई धाराओं को समझने,अपने विचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने,भविष्य के निवेशकों और विशेषज्ञों से नेटवर्क बनाने जैसे अनमोल अवसर प्राप्त होंगे। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की यह महत्वपूर्ण उपलब्धि न केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम है,बल्कि विश्वविद्यालय की नवाचार-उन्मुख शिक्षण परंपरा और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का भी परिचायक है।