
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपात स्थितियों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर फायर सर्विस विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी पौड़ी के नेतृत्व में फायर सर्विस की विभिन्न टीमों ने जनपद के कई शिक्षण संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण और सुरक्षा ऑडिट कार्यक्रम आयोजित किए। इस क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज थलीसैंण,श्रीनगर,पाबों सहित अन्य स्थानों पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं,कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को आग लगने के कारण,उससे बचाव के उपाय,आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी (इमरजेंसी एग्जिट) की प्रक्रिया तथा अग्निशमन उपकरणों के सही एवं सुरक्षित उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। फायर सर्विस टीम द्वारा गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में त्वरित बचाव,आपातकालीन स्ट्रेचर का निर्माण,तथा फायर एक्सटिंग्यूशर के माध्यम से आग बुझाने का लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया,जिसे देखकर विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने अत्यंत रुचि दिखाई। प्रशिक्षण के दौरान टीम ने यह भी बताया कि घबराहट के बजाय संयम और सही जानकारी ही आपदा के समय सबसे बड़ा बचाव होती है। इसके अतिरिक्त फायर स्टेशन श्रीनगर की टीम द्वारा श्रीनगर क्षेत्र में स्थित आदिति वेडिंग पॉइंट,चाहत वेडिंग पॉइंट एवं होटल दीप में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया। इस दौरान फायर अलार्म सिस्टम,फायर एक्सटिंग्यूशर,इमरजेंसी एग्जिट,विद्युत सुरक्षा एवं गैस लाइन व्यवस्था की जांच की गई तथा संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार एवं दिशा-निर्देश दिए गए। फायर सर्विस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल,होटल,विवाह स्थल एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन न केवल कानूनी रूप से आवश्यक है,बल्कि यह आमजन की जान-माल की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में आपदा के समय सतर्कता,आत्म-सुरक्षा और सामूहिक सुरक्षा की भावना विकसित करना है,ताकि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। इस दौरान फायर यूनिट टीम में यूनिट प्रभारी लीडिंग फायरमैन अरविंद सिंह नेगी तथा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी चालक नवनीत सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। फायर सर्विस विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता एवं सुरक्षा ऑडिट अभियान निरंतर जारी रहेंगे।