

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा जिले भर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला थाना श्रीनगर एवं साइबर सेल श्रीनगर की संयुक्त टीम ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पौड़ी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अध्यापकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत सतपुली पुलिस टीम द्वारा ग्राम नौगांव बिंदोली में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर संवाद किया गया, वहीं श्रीनगर पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस ने समाज के विभिन्न वर्गों तक साइबर सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया। कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों,विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षु अध्यापकों को फेसबुक,इंस्टाग्राम,ट्विटर (एक्स) एवं व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े साइबर अपराधों,उनके लगातार बदलते नए तरीकों तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से बैंक फ्रॉड,ऑनलाइन ठगी,साइबर ब्लैकमेलिंग एवं डिजिटल अरेस्टिंग जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज करानी चाहिए,ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। साथ ही आमजन को लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों,महिला एवं जुवेनाइल जस्टिस से जुड़े प्रावधानों,डायल 112,नशा उन्मूलन अभियान तथा उत्तराखंड पुलिस ऐप की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में यह भी स्पष्ट किया गया कि पुलिस आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी आपात स्थिति या समस्या में लोग निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने विद्यार्थियों और युवाओं से सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग,व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने और संदिग्ध लिंक या कॉल से दूर रहने की अपील की। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि समाज को सुरक्षित,सजग और साइबर अपराध-मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। यह अभियान न केवल अपराधों की रोकथाम में सहायक होगा,बल्कि डिजिटल सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता और विश्वास भी मजबूत करेगा।