परिवार नियोजन को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम-राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में आईयूसीडी प्रशिक्षण का पांच दिवस कार्यक्रम संपन्न

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी गढ़वाल द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत इंट्रायूटेरिन कॉन्ट्रासेप्टिव डिवाइस (आईयूसीडी) से संबंधित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी गढ़वाल द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत इंट्रायूटेरिन कॉन्ट्रासेप्टिव डिवाइस (आईयूसीडी) से संबंधित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह प्रशिक्षण 16 दिसंबर से प्रारंभ हुआ था,जिसमें जनपद के विभिन्न ब्लॉक स्तर से आए नर्सिंग अधिकारियों ने सहभागिता की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से प्रोफेसर डॉ.नवज्योति बोरा ने मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों को आईयूसीडी से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आईयूसीडी की उपयोगिता,लाभ,सावधानियां एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ.नवज्योति बोरा ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि आईयूसीडी महिलाओं के लिए एक सुरक्षित,प्रभावी और लंबे समय तक गर्भनिरोधक का अस्थायी साधन है,जिसे महिलाओं के गर्भाशय में लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि जो महिलाएं लंबे समय तक गर्भनिरोधक चाहती हैं,उनके लिए कॉपर टी-380 ए (दस वर्ष तक) एवं कॉपर टी-375 (पांच वर्ष तक) सरकारी चिकित्सा इकाइयों में निःशुल्क उपलब्ध है। डॉ.बोरा ने स्पष्ट किया कि आईयूसीडी को केवल प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में लगाया एवं निकाला जाना चाहिए। इसे मासिक धर्म के चार से सात दिन के भीतर,प्रसव के तुरंत बाद या 48 घंटे के भीतर,अथवा गर्भपात के तुरंत बाद लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्तनपान कराने वाली महिलाएं भी आईयूसीडी का सुरक्षित रूप से उपयोग कर सकती हैं तथा इसे निकलवाने के बाद महिला की प्रजनन क्षमता तुरंत वापस आ जाती है,जिससे भविष्य में गर्भधारण में कोई बाधा नहीं आती। प्रशिक्षण समापन अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक बेस चिकित्सालय श्रीनगर डॉ.राकेश रावत ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लाभार्थियों की सही और संवेदनशील काउंसलिंग का अत्यंत महत्व है। उन्होंने कहा कि यदि लाभार्थियों को परिवार नियोजन के साधनों की सही जानकारी दी जाए,तो उनकी स्वीकार्यता और उपयोग दोनों में वृद्धि होती है। डॉ.रावत ने प्रशिक्षण प्राप्त नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए फील्ड स्तर पर बेहतर,गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील परिवार नियोजन सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी मेडिकल कॉलेज श्रीनगर योगेश रावत,परिवार नियोजन परामर्शदाता विजय लक्ष्मी,जिला आईईसी समन्वयक शकुंतला नेगी,पूजा रॉय,गीता नेगी सहित जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल। कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नर्सिंग स्टाफ की क्षमता संवर्धन में सहायक होते हैं और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...