
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती देने की दिशा में बाल विकास परियोजना खिर्सू द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए शहीद कुलदीप राजकीय इंटर कॉलेज खंडाह में ‘अफसर बिटिया कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा,सुरक्षा,आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता के प्रति जागरूक करना रहा,ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकें। कार्यक्रम में प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी रीना बिंदोला ने बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल बालिकाओं को शिक्षित करने तक सीमित नहीं है,बल्कि उन्हें सुरक्षित,सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना भी इस अभियान का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य,पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने अपने विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी साझा की। बालिकाओं को महिला सुरक्षा,स्वास्थ्य सेवाएं,कानूनी सहायता,आपातकालीन सहायता एवं वन स्टॉप सेंटर की भूमिका के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। बालिकाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से कार्यक्रम के अंतर्गत पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में कुल 27 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया,जबकि भाषण प्रतियोगिता में 5 बालिकाओं ने अपनी विचारशीलता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। पेंटिंग प्रतियोगिता में सारिका ने प्रथम,नाजिया ने द्वितीय एवं मानसी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम,इशिका द्वितीय तथा राधिका तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता एवं प्रतिभागी बालिकाओं को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास,सकारात्मक सोच,नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘अफसर बिटिया कार्यक्रम’ न केवल बेटियों के सपनों को नई उड़ान देता है,बल्कि समाज में समानता और सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी देता है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नयालगढ़ अंजू,ग्राम प्रधान बछेली कुलदीप गुसाईं,प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी,एएनएम सुमनलता,सीएचओ ईशा बहुगुणा,सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मी,वन स्टॉप सेंटर से लक्ष्मी रावत,सुपरवाइजर रीता एवं उर्मिला बधाणी,आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां,सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य और नारी सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया,जिससे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।