
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पाबौ विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र बूंगा में बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम का भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मोनिका देवी ने की। आयोजन का उद्देश्य समाज में बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत करना,लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला एवं सुपरवाइजर पुष्पा ने उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाएं किसी से कम नहीं हैं,आवश्यकता है तो केवल उन्हें समान अवसर,शिक्षा और सम्मान देने की। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं,बल्कि सामाजिक चेतना का आंदोलन है,जो बेटियों के सुरक्षित,शिक्षित और सशक्त भविष्य की नींव रखता है। बालिका जन्मोत्सव के अवसर पर ग्राम क्षेत्र में जन्मी बेबी वैष्णवी,आराध्या एवं यामिनी के घर जाकर उन्हें उपहार भेंट किए गए। यह पहल न केवल परिवारों के लिए सम्मान का विषय बनी,बल्कि पूरे गांव में बेटियों के जन्म को लेकर उत्साह और गर्व का वातावरण भी निर्मित हुआ। इस दौरान महिला मंगल दल की महिलाओं द्वारा बधाई गीत गाए गए,जिससे कार्यक्रम का माहौल उल्लास और अपनत्व से भर गया। महिलाओं ने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए यह संदेश दिया कि बेटियां परिवार,समाज और राष्ट्र की सशक्त आधारशिला हैं। कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि बालिकाओं को जन्म से लेकर शिक्षा,स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग और संरक्षण देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बालिका जन्मोत्सव जैसे आयोजनों से न केवल सामाजिक सोच में बदलाव आता है,बल्कि ग्रामीण स्तर पर बेटियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता भी बढ़ती है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीना देवी,गुड्डी देवी,सरिता देवी,कांति देवी एवं मोनिका देवी सहित महिला मंगल दल की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।