
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने महिला अपराध के एक अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म,ब्लैकमेलिंग और फिरौती मांगने के आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने पीड़िता से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर हिंदू नाम से मित्रता की,फिर विश्वास में लेकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और लंबे समय तक उसे मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। कोतवाली श्रीनगर में दिनांक 21 जनवरी 2026 को पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर बताया गया कि समीर जाफरी पुत्र शमशेर अली (उम्र 22 वर्ष) निवासी हाल अलकनंदा विहार श्रीनगर (मूल निवासी ग्राम व पोस्ट जटपुरा थाना मंडावली जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश) ने स्वयं को समीर द्विवेदी बताकर पीड़िता से दोस्ती की। इसके बाद बहला-फुसलाकर उसे कमरे में ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार बीते लगभग एक वर्ष से आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा। जब पीड़िता ने संबंध बनाए रखने से इंकार किया तो आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने पैसों की मांग की और रकम न देने पर पीड़िता की अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना महिला उप निरीक्षक लक्ष्मी सकलानी को सौंपी गई। घटना की गंभीरता एवं महिला अपराध से जुड़ा मामला होने के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी गढ़वाल द्वारा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस उपाधीक्षक श्रीनगर के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने नामजद अभियुक्त की तलाश करते हुए दिनांक 21जनवरी 2026 को आरोपी समीर जाफरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। श्रीनगर पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से न केवल पीड़िता को न्याय की उम्मीद मिली है,बल्कि समाज में महिला अपराधों के प्रति कड़ा संदेश भी गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से जुड़े अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।