लक्ष्य,अनुशासन और परिश्रम से ही तय होता है सफलता का पथ-कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। विश्वविद्यालय के डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने केंद्र में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें जीवन और करियर में सफलता के मूल मंत्र बताए। कुलपति प्रो.सिंह ने विद्यार्थियों को लक्ष्य-निर्धारण,अनुशासन और सतत परिश्रम के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सफलता कोई संयोग नहीं,बल्कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम होती है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी का करियर केवल उसके व्यक्तिगत भविष्य को ही नहीं,बल्कि उसके परिवार,गांव, क्षेत्र और पूरे समाज को दिशा देने का कार्य करता है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का बोध रखते हुए श्रेष्ठ नागरिक और कुशल नेतृत्वकर्ता बनने की ओर अग्रसर होना चाहिए। कुलपति ने डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र को समाज के वंचित एवं प्रतिभाशाली वर्गों के विद्यार्थियों के लिए सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बताते हुए कहा कि यह केंद्र प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नेतृत्व तैयार कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकले विद्यार्थी देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर केंद्र के समन्वयक प्रो.एम.एम.सेमवाल,चौरास परिसर निदेशक प्रोफेसर आर.एस.नेगी,प्रो.आर.एस.फर्तत्याल सहित विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ शिक्षाविद् उपस्थित रहे। केंद्र के शिक्षकों में डॉ.प्रकाश कुमार सिंह,डॉ.आशीष बहुगुणा एवं डॉ.अरविंद सिंह रावत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में केंद्र के समन्वयक प्रो.एम.एम.सेमवाल ने कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद विद्यार्थियों में आत्मविश्वास,दिशा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।