
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। शिक्षा को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानते हुए वर्षों से निष्ठा,समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य कर रहे राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी के अध्यापक अखिलेश चन्द्र चमोला को यूके वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा वर्ष 2026 का उत्तराखंड गौरव अवॉर्ड प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए सराहनीय और प्रेरणादायी कार्यों के लिए दिया गया है। यूके वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि अखिलेश चन्द्र चमोला ने अपने जीवन और कार्यों के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होती,बल्कि यह सामाजिक चेतना,जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को विकसित करने का माध्यम भी है। अखिलेश चन्द्र चमोला ने अध्यापन कार्य के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने समुदाय आधारित पहलों,जागरूकता कार्यक्रमों और निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से समाज की अनेक चुनौतियों का समाधान करने का प्रयास किया है। उनका कार्य सामाजिक समरसता,सशक्तिकरण और समावेशी विकास के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वंचित वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का संकल्प शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों और समुदायों में कार्य किया है,जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच सीमित है। उनके प्रयासों से अनेक विद्यार्थियों को सीखने के अवसर मिले,उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और व्यक्तिगत व शैक्षणिक विकास की दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। अखिलेश चन्द्र चमोला की शिक्षा और समाजसेवा में संयुक्त भूमिका उनके मूल्यों,ईमानदारी और बेहतर समाज के लिए दूरदर्शी सोच का प्रमाण है। उत्तराखंड गौरव अवॉर्ड-2026 उनके अब तक के कार्यों का सम्मान ही नहीं,बल्कि भविष्य में समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। इस उपलब्धि से शिक्षा जगत,शिक्षक समुदाय और श्रीनगर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सहकर्मियों,विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने अखिलेश चन्द्र चमोला को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।