
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। 26 जनवरी को 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का प्रेरक संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने कुलपति आवास,चौरास परिसर में विधिवत रुद्राक्ष के पौधे के साथ-साथ विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। इस अवसर पर सेव,अमरूद,माल्टा,आम,संतरा,जामुन,पाम,नाशपाती,बादाम एवं अखरोट जैसे बहुउपयोगी फलदार वृक्ष लगाए गए। पौधारोपण के माध्यम से कुलपति ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया,बल्कि विश्वविद्यालय की निरंतर उन्नति,समृद्धि एवं प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने की कामना भी व्यक्त की। कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संवर्धन भी हमारे संविधान में निहित मूल कर्तव्यों का हिस्सा है। विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह समाज को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने की दिशा में मार्गदर्शन करे। पौधारोपण कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था उद्यानिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.दीपक कुमार राणा एवं संत कुमार की टीम द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से की गई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रो.मोहन सिंह पंवार,प्रो.देवेंद्र सिंह नेगी,प्रो.मनमोहन सेमवाल,प्रो.राजेंद्र सिंह नेगी,प्रो.राजेंद्र सिंह फर्त्याल,डॉ.सुरेंद्र सिंह बिष्ट एवं डॉ.विजय कांत पुरोहित उपस्थित रहे और उन्होंने भी पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने,जैव विविधता संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर किया गया यह पौधारोपण राष्ट्रीय कर्तव्यों और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।