हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पर्व 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन,सृजनशीलता और सांस्कृतिक चेतना का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। 26 जनवरी 2026 को आयोजित इस भव्य आयोजन में उत्तराखंड के विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गई। शिक्षा विभाग की झांकी की थीम नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास रही,जिसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास पीठसैंण,अस्थाई परिसर श्रीनगर एवं बालिका छात्रावास बनियावाला के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली वाद्य यंत्रों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास लाल डांग द्वारा झांकी में मल्लखंभ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया,वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कोरवा की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य ने दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। झांकी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में छात्रावास की टीमों का नेतृत्व
वार्डन मुकेश बहुगुणा,योगेश्वर सिंह,उर्मिला धीमान एवं संगीता तोमर द्वारा किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिक्षा विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ,जिससे छात्र-छात्राओं एवं मार्गदर्शक शिक्षकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस झांकी के निर्माण कार्य में मोहन सिंह बिष्ट प्रोफेशनल सीमेंट एवं रघुवीर सिंह बिष्ट प्रशासनिक अधिकारी माध्यमिक शिक्षा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देशन में किया गया,जिसमें प्रशासनिक अधिकारी माध्यमिक शिक्षा,सहायक निदेशक एससीईआरटी,संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा,समग्र शिक्षा उत्तराखंड सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर डॉ.मुकुल कुमार सती अपर निदेशक एससीईआरटी एवं वंदना गर्ब्याल निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण उत्तराखंड के निर्देशन में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। यह आयोजन इस बात का प्रमाण बना कि यदि छात्र-छात्राओं को सही मार्गदर्शन और मंच मिले,तो वे शैक्षिक,सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे सकते हैं। गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुत यह कार्यक्रम अनुशासन,संस्कार और राष्ट्रप्रेम का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।