हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी रामलाल नौटियाल ने शुक्रवार सुबह फेसबुक लाइव के माध्यम से नगर पंचायत में चल रहे कथित अनियमित कार्यों को सार्वजनिक करते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। नौटियाल ने लाइव प्रसारण के दौरान एक ऐसे कार्य स्थल को दिखाया,जहां बिना स्वीकृत लागत और बजट के कार्य किए जाने का बोर्ड लगाया गया था,जबकि उसमें स्वीकृत धनराशि का कोई उल्लेख नहीं था। रामलाल नौटियाल ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कई कार्य बिना स्वीकृत लागत के कराए जा रहे हैं और उनकी जानकारी आम जनता से छिपाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह न केवल नियमों की अवहेलना है,बल्कि जनता के पैसे के दुरुपयोग का भी स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने वार्ड संख्या दो का हवाला देते हुए कहा कि यही स्थिति वहां देखने को मिली,जिसे उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से जनता के सामने रखा। नौटियाल का दावा है कि लाइव प्रसारण के तुरंत बाद जिस बोर्ड में स्वीकृत लागत अंकित नहीं थी,उसे नगर पंचायत द्वारा आनन-फानन में अपने स्थान से हटा दिया गया,जो अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि बोर्ड हटाया जाना इस बात का संकेत है कि नगर पंचायत कुछ न कुछ छिपाने का प्रयास कर रही थी। अध्यक्ष प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि इससे पूर्व भी नगर पंचायत में इस प्रकार के कार्य होते रहे हैं,जिनकी जिम्मेदारी नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी पर बनती है। उन्होंने कहा कि यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप होता,तो बोर्ड हटाने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती। रामलाल नौटियाल ने दो टूक कहा कि वे इस कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और आवश्यकता पड़ी तो मामला न्यायालय तक ले जाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई,तो वे 31 जनवरी से नगर पंचायत अध्यक्ष कार्यालय में जनआंदोलन शुरू करेंगे,जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी। फिलहाल नौटियाल के आरोपों के बाद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है,लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए लाइव वीडियो ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है।