बेटियों के सशक्त भविष्य की मजबूत नींव-क्रेच सेंटर में नाम पट्टिका वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी सह पालना केंद्र (क्रेच सेंटर),पूल्ड हाउस में नाम पट्टिका वितरण कार्यक्रम का आयोजन

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी सह पालना केंद्र (क्रेच सेंटर),पूल्ड हाउस में नाम पट्टिका वितरण कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास,सुरक्षा एवं शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके उपरांत संयुक्त मजिस्ट्रेट द्वारा क्रेच सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने 20 बालिकाओं को नाम पट्टिकाएं वितरित करते हुए कहा कि बालिकाओं की पहचान,सुरक्षा एवं आत्मसम्मान की भावना को सुदृढ़ करना ही इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब समाज की भागीदारी भी समान रूप से सुनिश्चित हो। कार्यक्रम के दौरान 5 बालिकाओं को स्कूल बैग एवं पाठ्य सामग्री,जबकि 2 बालिकाओं को ट्रैक सूट व जूते प्रदान किए गए। इस सहयोग से बालिकाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा रावत ने उपस्थित अभिभावकों एवं लाभार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम,इसके सामाजिक व स्वास्थ्यगत दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है,बल्कि यह बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य में सबसे बड़ी बाधा भी है। कार्यक्रम का संचालन सुपरवाइजर सुषमा रावत द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं,जिनकी सहभागिता ने आयोजन को और अधिक सार्थक बनाया। कार्यक्रम के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि बालिकाओं के सुरक्षित,शिक्षित और सशक्त भविष्य के लिए प्रशासन एवं समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...