60 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित,सड़क नामकरण से लेकर सौंदर्यीकरण तक शहर को मिली नई दिशा

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को शहर के समग्र विकास को नई गति मिली। मेयर आरती भण्डारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनहित से जुड़े कुल 60 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में पार्षदों की सक्रिय सहभागिता और एकजुटता देखने को मिली,जिससे नगर निगम में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक कार्यसंस्कृति का स्पष्ट संदेश सामने आया। बैठक का मुख्य फोकस शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर रहा। इसमें सड़क निर्माण,नालियों का निर्माण,सुरक्षा दीवारें,अधूरे कार्यों को पूर्ण करना,वार्डों में नामकरण एवं साइन बोर्ड स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के बाद निर्णय लिया गया। मेयर द्वारा बोर्ड के समक्ष रखे गए प्रमुख प्रस्तावों में वार्ड संख्या 40 के अंतर्गत मुख्य सड़क से महेन्द्र सिंह नेगी के घर तक जर्जर मार्ग के निर्माण,अमर फार्मा क्लिनिक से विजयलक्ष्मी के घर तक अधूरी सड़क को पूर्ण करने तथा मुख्य सड़क से पंकज सिंह राणा एवं धन सिंह बिष्ट के घरों के मध्य दोनों ओर नाला निर्माण एवं सुरक्षा दीवार के कार्यों को स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में वार्ड संख्या 6,श्रीकोट गंगानाली में गलियों के नामकरण एवं साइन बोर्ड लगाए जाने,साथ ही नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों,मोहल्लों एवं गलियों में सूचक बोर्ड (साइन बोर्ड) लगाए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। शहर की पहचान और सौंदर्यीकरण को मजबूती देने की दिशा में पीपलचौरी तिराहे को वाल्मिकी चौक घोषित किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड की स्वीकृति मिली,जिसे नगर की सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। बैठक में नगर निगम के स्वामित्व वाले एजेंसी मोहल्ला स्थित भवन के भूतल पर संचालित विद्युत विभाग के कार्यालय को खाली कराए जाने का विषय भी चर्चा में रहा। नगर निगम की बढ़ती प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए इस भवन के उपयोग हेतु वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मेयर आरती भण्डारी ने कहा नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड तक समान रूप से विकास पहुंचाना है। आज पारित सभी 60 प्रस्ताव जनहित और श्रीनगर के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। सड़क,नाला,सुरक्षा दीवार,नामकरण एवं साइन बोर्ड जैसे कार्यों से आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों पर शीघ्र ही कार्यवाही शुरू की जाएगी,ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके। मेयर ने सभी पार्षदों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से श्रीनगर को एक सुव्यवस्थित,सुरक्षित और सुंदर नगर के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर निगम बोर्ड की यह बैठक श्रीनगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम मानी जा रही है,जिससे आने वाले समय में शहर की आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।