
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के छात्रों ने राज्यस्तरीय कुश्ती की अलग-अलग स्पर्धाओं में तीन स्थान प्राप्त किये हैं। उत्तराखंड युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित इस खेल महाकुंभ राज्य चैंपियनशिप में परिसर के प्राक्शास्त्री प्रथम के कृष्णा शर्मा ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि शास्त्री द्वितीय के अभिषेक तिवारी ने 65 किलो भार वर्ग में द्वितीय स्थान और प्राक्शास्त्री द्वितीय के राघव शर्मा ने 71 किलो भार वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन छात्रों को रोशनाबाद,हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार दिये गये। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद छात्रों ने मिठाई बांटी और निदेशक प्रो.पीवीबी सुब्रह्मण्यम का आशीर्वाद प्राप्त किया। इन छात्रों ने बताया कि परिसर में योग विज्ञान विभाग में एमएससी द्वितीय वर्ष के छात्र कुश्ती विशेषज्ञ हर्षित परिहार ने उन्हें निरंतर अभ्यास कराया। परिसर का स्पर्धा युक्त वातावरण उनकी इस उपलब्धि को हासिल करने में महत्त्वपूर्ण साबित हुआ।