
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस इकाई द्वारा दिनांक 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड कीर्तिनगर अंतर्गत साक्रो,मड़ी चौरास,डूंगरी,थापली एवं संगम विहार ग्रामों में आयोजित सात दिवसीय छात्राओं का विशेष शिविर सेवा,स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है। यह शिविर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के कुशल मार्गदर्शन में तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.डॉ.ओ.पी.गोसाई की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ.रजनी नौटियाल को सौंपी गई है। शिविर के प्रथम दिवस आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सूर्ति देवी,मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य निर्मला भंडारी,विशिष्ट अतिथि डॉ.प्रताप भण्डारी,प्रो.ए.एस.नेगी तथा छात्र संगठन अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर डॉ.ओ.पी.गोसाई ने की। ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित शिविर इस सात दिवसीय महिला विशेष शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना की 130 छात्राएं सक्रिय सहभागिता कर रही हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय द्वारा अधिकृत ग्रामों में स्वच्छता अभियान एवं मलिन बस्तियों की साफ-सफाई,सेवा-भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास,ग्रामीण समस्याओं की पहचान एवं समाधान,महिलाओं के स्वास्थ्य,स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता,नशामुक्ति एवं जन-जागरूकता अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करना है। एनएसएस की विचारधारा पर हुआ विचार-मंथन-विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर ए.एस.नेगी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना की मूल विचारधारा,इसके उद्देश्य और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्र संगठन के अध्यक्ष एवं महासचिव ने विशेष शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें समाज के प्रति सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर डॉ.ओ.पी.गोसाईं ने शिविर के नियमों,उद्देश्यों एवं इसके सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि जीवन मूल्यों को गढ़ने का माध्यम है। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सूर्ति देवी ने अपने ग्राम में महिला विशेष शिविर के आयोजन को ग्रामीण महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए विश्वविद्यालय एवं एनएसएस इकाई का आभार व्यक्त किया। जिला पंचायत सदस्य निर्मला भंडारी ने शिविर के महत्व की सराहना की जबकि डॉ.प्रताप भंडारी ने एनएसएस द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए नशे को समाज और युवाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया। शिविर के आयोजन में डॉ.रजनी नौटियाल के साथ डॉ.अनूप सेमवाल,डॉ.हेमलता भट्ट,डॉ.बालकृष्ण बदानी एवं डॉ.अनुराही सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके अतिरिक्त एनएसएस एवं डीएसडब्लू का समस्त स्टाफ,विश्वविद्यालय का विद्युत विभाग,विकास भवन,सफाई कर्मचारी तथा छात्र संगठन अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट एवं उनके समस्त पदाधिकारीगण के सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिवस के कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ.बालकृष्ण बदानी द्वारा किया गया।