राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी वर्ष का ऐतिहासिक आयोजन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विराट हिंदू महासम्मेलन का भव्य आयोजन आगामी 20 फरवरी को विकास खंड खिर्सू स्थित खेल मैदान में किया जाएगा। यह महासम्मेलन सामाजिक समरसता,सांस्कृतिक चेतना,राष्ट्रभक्ति और हिंदू समाज की एकजुटता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस आशय की जानकारी देते हुए पूर्व प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं सम्मेलन के संयोजक बृजमोहन बहुगुणा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष का यह आयोजन न केवल ऐतिहासिक होगा,बल्कि समाज को राष्ट्रहित में संगठित करने का सशक्त माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि संघ के सौ वर्षों की यात्रा त्याग,सेवा,अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों पर आधारित रही है,जिसे जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। महासम्मेलन के सफल संचालन हेतु आयोजन समिति का गठन कर दायित्वों का स्पष्ट विभाजन किया गया है। बृजमोहन बहुगुणा को संयोजक,अनिल भण्डारी ब्लॉक प्रमुख खिर्सू को संरक्षक और मनवर सिंह रावत को सह संयोजक नियुक्त किया गया हैं। आयोजन समिति द्वारा तैयारियां तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं तथा क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक,धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों से व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। बताया गया कि महासम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों,जनप्रतिनिधियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं,बुद्धिजीवियों एवं युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से हिंदू समाज की सांस्कृतिक विरासत,सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन को लेकर खिर्सू सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोगों के इस ऐतिहासिक महासम्मेलन में सम्मिलित होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।