
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जब प्रशासन की पहल और जनता की भागीदारी एक साथ कदम से कदम मिलाकर चलती है,तब कोई भी अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहता,बल्कि वह जन-आंदोलन का रूप ले लेता है। कुछ ऐसा ही दृश्य इन दिनों जनपद पौड़ी गढ़वाल में देखने को मिल रहा है,जहां स्वच्छता अब केवल सफाई तक सीमित न रहकर स्वस्थ,जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प बन चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल में 26 जनवरी से 26 फरवरी 2026 तक एक विशेष,व्यापक एवं सहभागितापूर्ण स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर जनसहभागिता आधारित सतत सामाजिक अभियान के रूप में स्थापित करना है। अभियान के अंतर्गत अब तक 2100 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र कर निस्तारित किया जा चुका है। अभियान की सबसे सशक्त कड़ी जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र बने हैं,जहां आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रतिदिन स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगनबाड़ी परिसरों एवं उनके आसपास साफ-सफाई के साथ-साथ महिलाओं,अभिभावकों और ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए शपथ भी दिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद एवं विकासखंड स्तर पर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा स्वच्छता की शपथ लेकर स्वच्छ वातावरण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बनीं अभियान की सशक्त वाहक जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां इस अभियान की सशक्त वाहक बनकर घर-घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचा रही हैं। उनका प्रयास है कि स्वच्छता केवल एक महीने का अभियान न बनकर जन-जीवन की स्थायी आदत बने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। गांव,बाजार,शहर-हर जगह दिख रही स्वच्छता की तस्वीर
अभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंडों,नगर निकाय क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन विविध स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामवासी,जनप्रतिनिधि,स्वयं सहायता समूह,पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मिलकर श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों,बाजारों,सड़कों के किनारे,बस अड्डों और आवासीय क्षेत्रों की नियमित सफाई कर रहे हैं। इसके साथ ही गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण,कूड़ा संग्रहण,प्लास्टिक उपयोग में कमी तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को लेकर नागरिकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। एक माह का नहीं,सतत अभियान है स्वच्छता जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक माह तक सीमित नहीं है,बल्कि स्वच्छ,स्वस्थ और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में एक निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक विकासखंड में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि 26 फरवरी के बाद भी स्वच्छता अभियान की यह पहल जारी रहेगी,ताकि जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्वच्छता को स्थायी संस्कृति और आदत के रूप में स्थापित किया जा सके।