
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विश्वविद्यालय स्तर पर एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश के दिशा-निर्देशन में तथा कुलसचिव अनीज-उज-जमान के अनुमोदन उपरांत यह कमेटी गठित की गई है,जिसका उद्देश्य समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम को पारदर्शी,सुचारु एवं परिणामोन्मुखी ढंग से संचालित करना है। कमेटी में राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.एम.एम.सेमवाल को नोडल अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है,जबकि व्यापार प्रबंधन विभाग के प्रो.महेंद्र बाबू को उप-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शिक्षाविदों को कमेटी का सदस्य बनाया गया है,जिनमें वानिकी विज्ञान विभाग से प्रो.मुनीस कुमार,फार्मास्टिकल साइंसेज़ विभाग से डॉ.राम कुमार साहू,व्यापार प्रबंधन विभाग से डॉ.सुरेंद्र कुमार मीणा,हिमालय एक्वेटिक बायोडायवर्सिटी विभाग से डॉ.जसपाल सिंह चौहान,माइक्रोबायोलॉजी विभाग से डॉ.विनीत कुमार मौर्य,दर्शनशास्त्र विभाग से डॉ.कविता भट्ट,जंतु विज्ञान विभाग से डॉ.आनंद कुमार,संस्कृत विभाग से डॉ.बालकृष्ण बधानी तथा शिक्षा विभाग से डॉ.सिद्धार्थ लोहानी शामिल हैं। कुलसचिव अनीज-उज-जमान ने कमेटी को निर्देशित करते हुए कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार निःशुल्क कोचिंग से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण एवं छात्रहित में संपादित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना का उद्देश्य वंचित एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बेहतर अवसर प्रदान करना है। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय को छात्र-छात्राओं के लिए एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है,जिससे उच्च शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।