
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड कोट की न्याय पंचायत दैल में बहुउद्देश्यीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर राजकीय इंटर कॉलेज खंदूखाल परिसर में आयोजित हुआ,जिसकी अध्यक्षता एसडीओ सिविल एवं सोयम राखी जुयाल ने की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर में प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के द्वार पहुंचा और उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 21 शिकायतें दर्ज कराई गईं,जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 155 ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। वहीं 19 ग्रामीणों के विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र भरवाए गए,जिससे उन्हें भविष्य में योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी।इस अवसर पर एसडीओ सिविल सोयम राखी जुयाल ने कहा कि ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन जनता के बीच जाकर न केवल उनकी समस्याएं सुन रहा है,बल्कि पात्र लाभार्थियों को तत्काल योजनाओं से जोड़कर वास्तविक लाभ भी पहुंचा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुभाष भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में स्वास्थ्य,समाज कल्याण,जिला सहकारिता,पंचायतीराज,कृषि,उद्यान,खाद्य पूर्ति,राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इन विभागों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में ब्लॉक प्रमुख गणेश कोहली,कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं,प्रधान संगठन अध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी,खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी,खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श,उप शिक्षा अधिकारी भारती गैरोला,एई लघु सिंचाई अनिल कुमार,एएई सिंचाई प्रशांत चौहान,समन्वयक धर्मवीर सिंह नेगी,मंडल अध्यक्ष रमेश रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि,विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और समस्याओं का समाधान गांव में ही हो रहा है।