जागरुकता ही कैंसर से लडने का सबसे प्रभावी हथियार–डॉ.आशुतोष सयाना

विश्व कैंसर दिवस पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के छात्रों की जन-जागरूकता रैली-नशा छोड़ो-स्वस्थ जीवन अपनाओं का संदेश हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर

📘 इन्हें भी पढ़ें

विश्व कैंसर दिवस पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के छात्रों की जन-जागरूकता रैली-नशा छोड़ो-स्वस्थ जीवन अपनाओं का संदेश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के कैंसर रोग विभाग की ओर से श्रीकोट बाजार क्षेत्र में एक व्यापक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ बेस चिकित्सालय परिसर से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों,पैरामेडिकल स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर एवं स्लोगन लेकर आमजन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया। नशा छोड़ो,स्वस्थ जीवन अपनाओ,समय पर जांच-जीवन की सुरक्षा जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि विश्व कैंसर दिवस हमें यह याद दिलाता है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने का सबसे बड़ा और प्रभावी हथियार जागरूकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच,संतुलित आहार,नियमित व्यायाम,तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। डॉ.सयाना ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों,पैरामेडिकल स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित इस जन-जागरूकता रैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और लोगों को समय रहते सतर्क करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की पहल पर जीवीके की मिली लैड में शीघ्र ही एक अत्याधुनिक कैंसर यूनिट की स्थापना की जाएगी। इस यूनिट में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कैंसर रोगियों को बेहतर एवं समुचित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम में वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा ने कहा कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ने की है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग तेजी से नशे की ओर बढ़ रहा है,जिसे रोकने के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियानों की अत्यंत आवश्यकता है। रेडियोथैरेपी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.इंद्रा यादव ने विभाग द्वारा कैंसर रोगियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि समय पर परामर्श और उपचार से कैंसर को नियंत्रित किया जा सकता है। इस अवसर पर रेस्पिरेटरी विभागाध्यक्ष डॉ.विक्की बख्शी,रक्त केंद्र विभागाध्यक्ष डॉ.दीपा हटवाल, असिस्टेंट प्रोफेसर माइक्रोबायोलॉजी डॉ.जितेंद्र देवरानी,डॉ.मोहित सैनी सहित बड़ी संख्या में पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कैंसर दिवस का उद्देश्य विश्व कैंसर दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन को कैंसर के कारणों,लक्षणों एवं बचाव के प्रति जागरूक करना है। लोगों से अपील की गई कि यदि शरीर में किसी भी प्रकार का असामान्य बदलाव या लक्षण दिखाई दें,तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। चिकित्सकों ने बताया कि मुंह का कैंसर,बच्चेदानी का कैंसर,फेफड़ों का कैंसर,पेट का कैंसर एवं ब्लड कैंसर जैसी बीमारियों के लक्षणों को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार खांसी,आवाज में भारीपन,खांसते समय खून आना,अचानक वजन कम होना या मुंह,मसूड़ों व जीभ पर लंबे समय तक न ठीक होने वाला घाव दिखाई देना कैंसर के प्रारंभिक संकेत हो सकते हैं। चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि समय पर जांच और सही इलाज से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...