पौड़ी भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा व संकल्प के साथ मनाया गया समर्पण दिवस

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की कालजयी विचारधारा को स्मरण करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पौड़ी जिला कार्यालय में 11 फरवरी को समर्पण

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की कालजयी विचारधारा को स्मरण करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पौड़ी जिला कार्यालय में 11 फरवरी को समर्पण दिवस अत्यंत श्रद्धा,अनुशासन और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत आयोजित संगोष्ठी में उनके विचारों,सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल एक राजनेता नहीं,बल्कि भारतीय चिंतन परंपरा के ऐसे दार्शनिक थे जिन्होंने राजनीति को सेवा और समर्पण का माध्यम बनाया। उनका एकात्म मानववाद व्यक्ति,समाज और राष्ट्र के समन्वित विकास की अवधारणा प्रस्तुत करता है,जबकि अंत्योदय’ का सिद्धांत समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समर्पण दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संकल्प का अवसर है। जिला अध्यक्ष ने जानकारी दी कि प्रदेश स्तर पर 17 फरवरी को भी समर्पण दिवस का आयोजन किया जाएगा,जिसके पश्चात जिला एवं मंडल स्तर पर कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित कर विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान तेज किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीनगर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रातःकाल निर्धारित वेशभूषा में उपस्थित हुए,जो संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन का परिचायक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और संगठन की मजबूती ही विकास की निरंतरता सुनिश्चित करती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दायित्व निभाएं। कार्यक्रम का संचालन समर्पण दिवस के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री गणेश भट्ट ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस अवसर पर जिला कार्यालय प्रभारी कुलदीप सिंह बिष्ट,जिला सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी,जिला मंत्री क्रांति किशोर नेगी,पौड़ी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र नौटियाल,श्रीनगर मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,लक्ष्मण सिंह नेगी,ललित नेगी,मयंक रावत,नरेंद्र प्रसाद टम्टा (अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष) सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने,समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करने और राष्ट्र निर्माण के पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया। समर्पण दिवस का यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर रहा,बल्कि संगठनात्मक ऊर्जा,वैचारिक प्रतिबद्धता और सेवा भाव को पुनर्स्मरण कराने वाला प्रेरक क्षण भी सिद्ध हुआ।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...