जिलाधिकारी ने खिर्सू में जनसमस्याएं सुनीं और कृषि बागवानी के साथ जंगली जानवरों से सुरक्षा और सिंचाई व्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई के दिए आदेश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की धरती पर मेहनत की खुशबू बिखेरने वाले अन्नदाताओं के बीच जब प्रशासन स्वयं पहुंचकर उनकी पीड़ा सुने और समाधान का भरोसा दे,तो विकास का रास्ता

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की धरती पर मेहनत की खुशबू बिखेरने वाले अन्नदाताओं के बीच जब प्रशासन स्वयं पहुंचकर उनकी पीड़ा सुने और समाधान का भरोसा दे,तो विकास का रास्ता स्वतः प्रशस्त हो जाता है। विकासखंड खिर्सू के सभागार में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम इसी सकारात्मक सोच और संवाद का सशक्त उदाहरण बना,जहां जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने किसानों के साथ सीधा संवाद कर न केवल उनकी समस्याएं सुनीं,बल्कि कृषि और बागवानी को नई दिशा देने के ठोस निर्देश भी जारी किए। कार्यक्रम में कृषि,उद्यान,पशुपालन और अन्य संबंधित विभागों द्वारा सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने किसानों से खुलकर चर्चा करते हुए जमीनी हकीकत जानी और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें जिला योजना में शामिल करने का आश्वासन दिया। किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने सोलर फेंसिंग और नवाचारी उपकरणों के माध्यम से जंगली जानवरों को दूर रखने के उपायों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। सामूहिक घेरबाड़ को जिला योजना में शामिल करने की बात कही गई,ताकि व्यापक स्तर पर किसानों को राहत मिल सके और कृषि उत्पादन सुरक्षित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन केवल कृषि तक सीमित नहीं है,बल्कि औद्योगिक विकास के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि यदि कोई ग्रामसभा अपनी भौगोलिक परिस्थितियों और संसाधनों के अनुरूप किसी विशेष उद्योग की स्थापना का सर्वसम्मत प्रस्ताव भेजती है,तो प्रशासन उस दिशा में गंभीरता से कार्य करेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कृषक अर्जुन सिंह द्वारा कीवी और सेब की बागवानी हेतु स्प्रिंकलर की मांग पर जिलाधिकारी ने तत्काल आवेदन भरवाने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रिप सिंचाई योजनाओं के लिए भी आवेदन लेकर प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों द्वारा वर्मी कंपोस्ट खरीद,सिंचाई टैंक,स्ट्रीट लाइट,झाड़ी कटान और घेरबाड़ की मांगों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और डीएफओ को उसी दिन प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवेदनों को उसी दिन पूर्ण कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जो कार्य तत्काल संभव हैं,उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए,ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक पहुंच गांव-गांव तक
जिलाधिकारी ने न्याय पंचायत प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें और अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक करें,ताकि ग्रामीणों की प्रशासन तक सीधी पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि संवाद ही समाधान की कुंजी है और किसानों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना आवश्यक है। किसान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने वन विभाग की नर्सरी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की विभिन्न प्रजातियों को व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए,ताकि आगंतुकों को जानकारी मिल सके। नर्सरी परिसर में जर्जर भवनों की मरम्मत और नए भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया,जिससे हॉर्टी-टूरिज्म को बढ़ावा मिल सके। रेंजर नक्षत्र शाह को बंदरों की समस्या और झाड़ी कटान की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी फायर सीजन को देखते हुए 15 फरवरी से फायर वॉचरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। खिर्सू क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने बासा होमस्टे का निरीक्षण किया। उन्होंने होमस्टे तक सुगम पहुंच मार्ग के प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी और उपजिलाधिकारी को संयुक्त निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया,ताकि स्थानीय होमस्टे को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा सके और ग्रामीण पर्यटन को नई गति मिल सके। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा,तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कृषक उपस्थित रहे। खिर्सू में आयोजित किसान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा,बल्कि यह प्रशासन और किसानों के बीच विश्वास,संवाद और विकास के नए अध्याय की शुरुआत बनकर उभरा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...