हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण संवाद शुक्रवार देर रात उस समय सामने आया,जब अनिल बलूनी के पौड़ी आगमन पर पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता नमन चन्दोला ने सर्किट हाउस में उनसे शिष्टाचार भेंट की। करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात में विकसित पौड़ी के संकल्प को साकार करने के लिए ठोस रणनीति और प्राथमिकताओं पर गंभीर चर्चा हुई। वार्ता के केंद्र में शिक्षा,स्वास्थ्य,आधारभूत संरचना और परिवहन से जुड़े बड़े मुद्दे रहे। प्रेस को जारी वक्तव्य में नमन चन्दोला ने बताया कि बैठक में पौड़ी में केंद्रीय चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना,प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण तथा पौड़ी को रेल संपर्क से जोड़ने जैसे बहुप्रतीक्षित विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाया गया। उन्होंने कहा कि मंडल मुख्यालय होने के बावजूद पौड़ी लंबे समय से कई आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा है। ऐसे में इन योजनाओं का क्रियान्वयन न केवल शहर बल्कि पूरे गढ़वाल क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। संघर्ष समिति की ओर से सांसद को यह भी अवगत कराया गया कि मंडल मुख्यालय पौड़ी में 2000 नाली से अधिक भूमि विभिन्न विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध है। इस तथ्य पर सांसद ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भूमि उपलब्धता किसी भी बड़ी परियोजना के लिए महत्वपूर्ण आधार होती है और इसे सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए। मुलाकात के दौरान अनिल बलूनी ने स्पष्ट शब्दों में आश्वस्त किया कि गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी के विकास से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौड़ी केवल प्रशासनिक केंद्र नहीं,बल्कि गढ़वाल की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे में इसकी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना और रोजगारपरक योजनाओं को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शुक्रवार देर रात सर्किट हाउस पहुंचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुखी सोच और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के उपरांत नमन चन्दोला ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौड़ी के प्रति उनका समर्पण स्पष्ट रूप से झलकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित योजनाओं पर शीघ्र ही ठोस प्रगति देखने को मिलेगी। सांसद ने भी पौड़ी के हर आवश्यक और जनहित से जुड़े मुद्दे पर साथ देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर अमित शुक्ला,अरविंद राणा,संजय बलूनी,संजय वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि प्रस्तावित योजनाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारा गया,तो पौड़ी न केवल प्रशासनिक दृष्टि से बल्कि शिक्षा,स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान बना सकता है। निसंदेह यह मुलाकात पौड़ी के विकास संवाद को नई ऊर्जा देने वाली साबित हो सकती है और शहर की जनता अब इन आश्वासनों को वास्तविक उपलब्धियों में बदलते देखने की प्रतीक्षा कर रही है।