हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अनियंत्रित पार्किंग से जूझ रहे श्रीनगर शहर को जाममुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। निगम कार्यालय में आयोजित एक अहम बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त चलानी कार्रवाई का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर आरती भण्डारी ने की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रीनगर को सुव्यवस्थित,सुरक्षित और जाममुक्त बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में नर्सरी रोड,बहुगुणा मार्ग,तिवाड़ी मोहल्ला और पौड़ी रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग को यातायात बाधा का मुख्य कारण बताया गया। नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम द्वारा निर्मित पार्किंग स्थलों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित कराया जाए। यदि कोई वाहन मुख्य मार्गों के किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा पाया जाता है,तो उसके विरुद्ध तत्काल चलानी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में प्रशासनिक समन्वय पर विशेष बल दिया गया। तहसीलदार दीपक भंडारी,उपनिरीक्षक यातायात अनिल रावत,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार सहित पार्षदगण पंकज सती,प्रवेश चमोली एवं राजकुमार ने संयुक्त रूप से शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने का संकल्प लिया। महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न करते हैं,बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम द्वारा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है,इसलिए नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग के बिना यातायात सुधार संभव नहीं है। श्रीनगर में बढ़ते वाहनों की संख्या के बीच यह कदम व्यवस्था सुधार की दिशा में निर्णायक माना जा रहा है। यदि निगम की सख्ती प्रभावी ढंग से लागू हुई,तो आने वाले दिनों में शहर की सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से संचालित होता नजर आ सकता है।