
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर ब्लॉक अंतर्गत रामपुर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं का उत्साह और सहभागिता देखने योग्य रही। दूर-दूर से आई मातृशक्ति की बड़ी संख्या ने कार्यक्रम में भाग लेकर यह संदेश दिया कि आज की नारी समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विनोद कंडारी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के विकास और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा,खेल,प्रशासन,सामाजिक सेवा और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा भजन,कीर्तन और पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई,जिससे पूरा वातावरण भक्ति,उत्साह और उल्लास से भर गया। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर क्षेत्र की दो प्रतिभाशाली बेटियों आराध्य पोखरियाल और पीरियांशी पड़ियार,जो अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं,को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विधायक विनोद कंडारी ने दोनों बेटियों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह बेटियां पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं और इनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र की अनेक महिला जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर ममता देवी नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग,ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अचला खड़ेलवाल,महिला मोर्चा अध्यक्ष अनिता सिलवाल,ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सरिता पुंडीर,कीर्तिनगर की उपजिलाधिकारी मंजू राजपूत,पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष पिंकी लिगवाल,कांति पुंडोरा महिला मोर्चा अध्यक्ष ग्रामीण,जयंती भट्ट,पूर्व जिला पंचायत सदस्य दुर्गा रावत,पूर्व प्रधानाचार्य भवानी रावत,कनिष्ठ प्रमुख प्रियंका जायडा,जिला महामंत्री अनु मोर्चा सविता शाह तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य अंजलि चौहान सहित अनेक गणमान्य महिलाएं और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महिलाओं के सामाजिक,सांस्कृतिक और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि यह महिलाओं के सम्मान,उनके संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को पहचानने का महत्वपूर्ण अवसर है। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब मातृशक्ति संगठित होकर आगे बढ़ती है तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई दिशा स्थापित होती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्र की महिलाओं और आयोजकों का सराहनीय योगदान रहा।