
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रीनगर में मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा,जिला पौड़ी के तत्वावधान में श्रीनगर स्थित अदिति पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली लगभग 25 से 30 महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई सामाजिक कार्यकर्ता,स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं,राज्य आंदोलनकारी तथा समाज सेवा में सक्रिय महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का वातावरण सम्मान,उत्साह और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा,जहां महिलाओं के संघर्ष,योगदान और उपलब्धियों को खुले मंच से सम्मान दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पूर्व अध्यक्ष अनुराधा वालिया ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा,सामाजिक सेवा,प्रशासन,व्यवसाय और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता ही सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार है,इसलिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आगे बढ़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि समाज सेविका भवानी रावत ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान,सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं,ताकि वे अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकें और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकें। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी ने महिला सशक्तिकरण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि यह महिलाओं के संघर्ष,त्याग और उपलब्धियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम में जिले की कई प्रमुख महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं,जिनमें जिला महामंत्री रजनी मौर्य और मधुबाला,जिला उपाध्यक्ष मीना असवाल,नीलम जुयाल और प्रीति बडोनी,जिला मीडिया प्रभारी रेनू सुंद्रियाल,जिला सोशल मीडिया प्रभारी रेखा रावत,खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक बबीता रावत,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी,ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष उमा गुनसोला,ओबीसी मोर्चा महामंत्री राजी पुरी,जनसंचार स्वास्थ्य संगठन की अध्यक्ष जयंती कुंवर तथा प्रगति जनसंचार संगठन की अध्यक्ष शांति भट्ट प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त पूजा गौतम,आशा उपाध्याय,राजलक्ष्मी नौटियाल,यशोदा देवी,लक्ष्मी रावत,गुड्डी गैरोला सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। महिला दिवस के इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके सशक्तिकरण के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा,जिससे यह आयोजन महिला सम्मान और प्रेरणा का एक यादगार अवसर बन गया।