
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर/पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल की जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया से विकास खण्ड खिर्सू के जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के समग्र विकास,जनसमस्याओं के निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत एवं महत्वपूर्ण चर्चा की। यह बैठक केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रही,बल्कि इसमें जमीनी स्तर पर विकास को गति देने के लिए ठोस रणनीति और प्राथमिकताओं पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक में खिर्सू ब्लॉक के अंतर्गत सड़क,पेयजल,स्वास्थ्य सेवाओं,शिक्षा,रोजगार सृजन और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को जिलाधिकारी के समक्ष स्पष्ट रूप से रखा,जिस पर डीएम ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इस दौरान विकास कार्यों में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सभी योजनाएं पारदर्शिता,गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ धरातल पर उतरें,ताकि आम जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देने की बात कही,जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी न हो। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि खिर्सू ब्लॉक के विकास को प्राथमिकता में रखा जाएगा और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने और समस्याओं को समय-समय पर साझा करने का आग्रह भी किया,ताकि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में विकास खण्ड खिर्सू के प्रमुख अनिल भण्डारी,जेष्ठ प्रमुख नीतिन रावत सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी ने कहा खिर्सू क्षेत्र के विकास को लेकर हमारी प्राथमिकताएं स्पष्ट हैं। आज जिलाधिकारी के साथ हुई बैठक बेहद सकारात्मक और परिणामोन्मुख रही। हमने क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से रखा है और प्रशासन ने भी त्वरित समाधान का आश्वासन दिया है। हमें विश्वास है कि इस संवाद के बाद विकास कार्यों में तेजी आएगी और खिर्सू ब्लॉक को एक नई दिशा मिलेगी। हम क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।