
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के कुशल निर्देशन में की जा रही सघन चेकिंग और सतर्क निगरानी का असर अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में श्रीनगर पुलिस एवं सीआईयू टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान अभियुक्त लक्की भण्डारी निवासी श्रीनगर के कब्जे से 5.27 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह स्मैक को ऋषिकेश क्षेत्र से गुरूचरण नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और उसे श्रीनगर क्षेत्र में बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करने की योजना बना रहा था। पुलिस ने इस मामले में कोतवाली श्रीनगर में नारकोटिक ड्रग्स एवं साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। साथ ही अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस टीम अब इस प्रकरण से जुड़े अन्य संभावित तस्करी नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है,जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी शीघ्र ही सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता और सख्ती से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस दिशा में अभियान निरंतर जारी रहेगा।